Uttarakhand
सुहावने मौसम के लिए प्रसिद्ध उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पिछले दस वर्ष में आज सबसे अधिक गर्म
- Sunday, 27 May 2012
- India Vision 24

देहरादून/लखनऊ, (भाषा) : आमतौर पर सुहावने मौसम के लिए प्रसिद्ध उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पिछले दस वर्ष में आज सबसे अधिक गर्म रहा। चिलचिलाती धूप ने अधिकांश लोगों को घरों के भीतर ही रहने को मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के सूत्रों ने आज यहां बताया कि देहरादून में आज अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो पिछले दस वर्ष में सबसे अधिक था। सूत्रों के अनुसार, आज का तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक था। वर्ष 2002 के बाद से आज का तापमान सबसे अधिक रिकार्ड किया गया है। सूत्रों के अनुसार, गर्मी का प्रकोप आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश प्रचंड गर्मी की चपेट में है और हाल-फिलहाल तपिश से निजात मिलने के आसार नहीं है। इलाहाबाद में पारा 47 डिग्री को पार कर गया है। मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक पूर्वी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक इलाके भयंकर गर्मी और लू की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान वाराणसी, इलाहाबाद, फैजाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, आगरा, गोरखपुर, झांसी तथा मेरठ मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री ज्यादा रहा। इस दौरान इलाहाबाद राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां का अधिकतम तापमान 47. 2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था। पिछले 24 घंटे के दौरान आगरा में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री, वाराणसी में 45. 7 डिग्री, कानपुर में 45 डिग्री, लखनऊ तथा झांसी में 44. 5 डिग्री तथा मेरठ में 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन से पांच डिग्री ज्यादा था। उधर राजस्थान में प्रचंड गर्मी के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। राज्य में सबसे अधिक 44. 8 डिग्री तापमान कोटा में दर्ज किया गया। मौसम विभाग प्रवक्ता के अनुसार चूरु 44, जैसलमेर 42.2, जयपुर 41.9, बीकानेर 41.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
एचयूजे का ऋषिकेष में दो दिवसीय सम्मेलन, देशभर के पत्रकार जुटेंगे
- Sunday, 20 May 2012
- India Vision 24

चंडीगढ़, (जयश्री राठौड़) : नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की दो दिवसीय बैठक उन्नीस व बीस मई को ऋषिकेश में होगी। इस बैठक में भाग लेने के लिए हरियाणा से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रोहतक से ऋषिकेष पहुंच गया है। इस प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई एनयूजे के राष्ट्रीय सचिव संजय राठी कर रहे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण गोपाल विद्यार्थी, संदीप मलिक, रामकुमार वर्मा, प्रदीप बलहारा आदि शामिल हैं। राठी ने बताया कि इस बैठक में पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक के प्रथम उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा मुख्य अतिथि होंगे। इस बैठक में हरियाणा की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी। हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के अध्यक्ष और नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय सचिव संजय राठी ने बताया कि हरियाणा में नये सदस्य बनाने का अभियान प्रगति पर है। सभी 21 जिलों में यूनियन की यूनिट्स गठित की गई हैं। फरीदाबाद तथा अंबाला जिलों में जिला संयोजक मनोनीत किये गये हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यों की तादाद 1600 तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले तीन वर्षों से यूनियन के सदस्यता शुल्क व नवीनीकरण का सारा पैसा जिलों को ही दे दिया जाता है। इसके अलावा सदस्यों को डीजिटल प्रणाली के रंगीन पहचान पत्र निशुल्क प्रदान किये जा रहे हैं। सभी जिलों को अपने सभी सदस्यों के पांच-पांच लाख रूपये का दुर्घटना बीमा जिला यूनिट द्वारा करवाने के लिये निर्देश जारी किये गये हैं। हरियाणा यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स का अपना प्रदेश स्टैंड, दिल्ली रोड़ पर एक व्यस्त व्यवसायिक क्षेत्र में शहर के मध्य में स्थित है। इसी भवन में अत्याधुनिक सुविधाओं से स्थापित किया गया है। हरियाणा में पत्रकारों के लिए मान्यता प्रदान समिति ने हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के दस सदस्यों को मनोनीत कर सर्वाधिक प्रतिनिधित्व देकर प्रभावी पत्रकार संगठन के रूप में स्वीकार्यता दी है।
बस पलटने से बस के नीचे दबने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए
- Sunday, 13 May 2012
- India Vision 24

रायपुररानी, (इंडिया विसन) : गांव मानकटबरा के नजदीक सवारियों से भरी बस पलटने से बस के नीचे दबने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।
हिमाचल के मंडी जिला के 42 श्रद्धालुओं से भरी बस उत्तराखंड के बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई थी, लेकिन शनिवार सुबह तड़के 5 बजे मानकटबरा के नजदीक ड्राईवर इनाम खान की लापरवाही के कारण बस पलट गई। बस में ज्यादातर महिलाएं थीं और बस में आगे बैठे मास्टर रमन सिंह निवासी हयून व चतर सिंह पुत्र भोलूराम निवासी लडवां की बस के नीचे दबने से मौत हो गयी जबकि एक महिला चन्नी देवी को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। हादसे के बाद यात्रियों की चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने बस में से घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद निकाला। घटना के बाद ड्राइवर एवं क्लीनर मौके से भाग निकले। किसी राहगीर से सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पुलिस ने दो जेसीबी की मदद से बस के नीचे दबे तीनों श्रद्धालुओं को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चतर सिंह और रमन सिंह दम तोड़ चुके थे। गंभीर रूप से घायल चन्नी देवी को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। अन्य घायलों को रायपुररानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया, जहां से जगदीश, निर्मला देवी, प्रतिमा, चुन्नी देवी, दयानंद, निर्मला, धर्मी देवी, संध्या, धन्नी देवी तथा ममता देवी इत्यादि को पंचकूला अस्पताल रैफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) अंबाला नाजनीन बसीन, एसीपी, थाना प्रभारी हरभजन सिंह, बलदेव सिंह, चरण सिंह, नायब-तहसीलदार इकबाल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि बस में 42 लोग सवार थे, जबकि बस का ड्राइवर इनाम खान व क्लीनर मौका पाकर भाग निकले।
बस में सवार एक यात्री गणेश ने बताया कि तीन धाम की यात्रा पूरी करने के बाद अब वह चौथे धाम बद्रीनाथ-केदारनाथ जा रहे थे, जिसमे लगभग सभी कर्मचारी सेवानिवृत्त थे और अपने परिवार के साथ यात्रा पर जा रहे थे। हादसे के वक्त अधिकांश श्रद्धालु सोये हुए थे। पुलिस ने चालक इमान खान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंचकूला सामान्य अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
छत्तीसगढ़ में कलेक्टर का अपहरण, दो अंगरक्षकों की हत्या
- Sunday, 22 April 2012
- India Vision 24

रायपुर, 21 अप्रैल (भाषा) : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों ने सुकमा जिले के कलेक्टर का आज अपरहण कर लिया तथा उनके दो अंगरक्षकों को गोली मार दी।
राज्य के नक्सल मामलों के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रामनिवास ने आज यहां बताया कि सुकमा जिले के केरलापाल क्षेत्र के माझीपारा गांव में नक्सलियों ने सुकमा जिले के कलेक्टर तथा वर्ष 2006 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एलेक्स पाल मेनन का अपरहण कर लिया है तथा उनके दो अंगरक्षकों को गोली मार दी है। दोनों अंगरक्षकों की मौत हो गई है।
रामनिवास ने बताया कि राज्य में ग्राम सुराज अभियान के दौरान कलेक्टर मेनन आज केरलापाल क्षेत्र के माझीपारा गांव में कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां वह एक सभा में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान लगभग 20 की संख्या में हथियार बंद नक्सली वहां पहुंचे और कलेक्टर के दो गार्डों को गोली मार दी। बाद में नक्सली मेनन को अपने साथ जंगल की ओर ले गए। इस दौरान सुकमा के एसडीएम एसके वैध भी वहां मौजूद थे। नक्सलियों ने वैध को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में पुलिस दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मेनन की खोज में पुलिस दल गठित किया गया है तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना पर नजर रखे हुए हैं। वहीं इस घटना के बाद राज्य के पुलिस महानिदेशक अनिल एम नवानी ने एक आपात बैठक बुलाई तथा स्थिति की समीक्षा की। रामनिवास ने बताया कि अभी तक नक्सलियों की तरफ से कोई मांग या किसी भी प्रकार की पत्र व्यवहार की जानकारी नहीं है तथा पुलिस की कोशिश है कि मेनन की सुरक्षित वापसी हो सके। मेनन तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
लखनऊ, रांची में सीबीआई के छापे,खाद्यान्न घोटाले में हुई कार्रवाई
- Sunday, 22 April 2012
- India Vision 24

लखनऊ, 21अप्रैल (वार्ता)। उत्तर प्रदेश में हुए करोड़ों रुपये के खाद्यान्न घोटाले में आज सीबीआई ने लखनऊ जिले में 13 स्थानों पर छापे मारकर कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिये। सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने एक साथ इन स्थानों पर छापा मारा। जहां-जहां छापे मारे गए उनमें गोसाईगंज कस्बे के शेर मोहम्मद खान, ईसा मोहम्मद, रहीम के आवासों पर तथा गोसाईगंज विकास खण्ड के गोदाम और डिपो के साथ ही डिपो/गोदाम के प्रबंधक कल्प नारायण शुक्ल के घर पर भी छापा मारा। सीबीआई की स्थानीय अदालत ने हजारों करोड़ रुपये के खाद्यान्न घोटाले में विश्वनाथ चतुर्वेदी बनाम केन्द्र सरकार और राज्य बनाम सैयद कासिम रजा तथा अन्य के मुकदमे में जांच एजेन्सी को छापे मारने के आदेश दिये थे। सीबीआई ने आज जिन लोगों के ठिकानों पर छापा मारा वे कोटेदार, सरकारी कर्मचारी और ट्रांसपोर्टर बताये गए हैं। सूत्रों ने दावा किया कि छापेमारी में महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
तीन विधायकों के परिसरों की छानबीन
रांची, 21 अप्रैल (भाषा)। सीबीआई ने कथित भ्रष्टाचार और हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में सौदेबाजी को लेकर आज तीन विधायकों और एक उद्योगपति के आवासों पर छापेमारी की।
सीबीआई ने इसके साथ ही कहा कि वह चुनाव में कथित भ्रष्टाचार एवं सौदेबाजी के आरोप लगने के बाद मतदान में इस्तेमाल मतपत्रों की भी जांच करना चाहती है ताकि मतदाताओं की उम्मीदवारों की पसंद पता चल सके। सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया कि सीबीआई की टीमों ने कांग्रेस के विधायक के एन त्रिपाठी के पलामू स्थित परिसर, राजद विधायक सुरेश पासवान के देवघर स्थित परिसर और विष्णू भैया के जमतारा स्थित परिसर पर छापे मारे। सीबीआई ने इसके साथ ही विधायकों के यहां स्थित आवासों पर भी छापे मारे। अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने हाल में हुए राज्यसभा चुनाव मेंं निर्दलीय प्रत्याशी रहे उद्योगपति एवं सिंहभूम चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष आर के अग्रवाल, उनके दामाद सौमित्र साहा के जमशेदपुर और उनके एक रिश्तेदार आर के साहा के चाईबासा स्थित आवासों पर भी छापेमारी की। गत 30 मार्च को हुआ चुनाव इस आरोप के बाद रद्द कर दिया गया था कि कुछ प्रत्याशी सौदेबाजी के जरिए संसद के ऊपरी सदन में पहुंचने का प्रयास कर कर रहे हैं। सीबीआई ने नामकुम पुलिस थाने से प्राथमिकी की वास्तविक प्रति प्राप्त करने के बाद गत गुरुवार को एक प्राथमिकी दर्ज की थी। नामकुम पुलिस थाने में प्राथमिकी चुनाव के दिन मतदान शुरू होने से पहले एक वाहन से 2.15 करोड़ रुपए बरामद होने के बाद दर्ज की गई थी। प्राथमिकी के अनुसार जिस वाहन से कथित रूप से राशि बरामद हुई थी वह अग्रवाल के भाई सुरेश के नाम से पंजीकृत है।













