आक्रामकता डेयरडेविल्स की सफलता का राज : माहेला
- Saturday, 21 April 2012
- Written by India Vision 24
नयी दिल्ली, (वार्ता) : आईपीएल पांच में जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए अब तक पांच मैचों में से चार में जीत दर्ज कर चुकी दिल्ली डेयरडेविल्स की सफलता का राज उसकी आक्रमकता है। यह मानना है दिल्ली के स्टार बल्लेबाज और श्रीलंका के कप्तान माहेला जयवर्धने का। माहेला ने आज यहां एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा,हमारी टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में गजब की आक्रामकता है जिसका परिणाम आपको मैदान में दिखाई दे रहा है। गत वर्ष फ्सिड्डी रही दिल्ली की टीम आईपीएल के पांचवें सत्र में इस समय चोटी पर चल रही है और कल उसका मुकाबला फिरोजशाह कोटला मैदान में सौरभ गांगुली की टीम पुणे वारियर्स के साथ है। श्रींलकाई कप्तान ने कहा,ट्वंटी- 20 क्रिकेट और खासतौर पर आईपीएल ने मुझे भी आक्रामकता सिखा दी है। आमतौर पर मैं शैली का बल्लेबाज हूं लेंकिन टी-20 में मुझे भी अपना स्टाइल बदलना पड़ता है। यहां तक कि अब मैं ओपनिंग भी कर लेता हूं। यह मेरे लिए एक अलग तरह की चुनौती है। माहेला ने आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और भारतीय आलराउंडर रवींद्र जडेजा का उदाहरण देते हुए कहा,वार्नर ने शुरुआत टी- 20 से की फिर वह वनडे में ओपनिंग करने लगे और अब वह टेस्ट में भी ओपनिंग करते हैं। वह टेस्ट में भी ट्वंटी- 20 के अंदाज में ही आक्रमकता दिखाते हैं। जहां जडेजा की बात है तो उन्होंने भी अपना अंतरराष्ट्रीय करियर ट्वंटी- 20 खेलने के बाद जाकर शुरू किया। उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के लिए कहा,इमसें कप्तान वीरू ,केविन पीटरसन और रोस टेलर जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं। वीरू तो खुद ही आक्रामक क्रिकेट खेलते हैं और उन्होंने दूसरों को भी ऐसे ही खेलना सिखा दिया है। के पी ने कल जो पारी खेली थी वह मेरी अब तक की देखी सबसे बेहतरीन ट्वंटी 20 पारी है। जहां तक मेरा सवाल है, मेरा काम पारी को सवारने का रहता है। माहेला ने बताया कि पीटरसन इस महीने के बाद लौट जायेगा और डेविड वार्नर टीम में जुड़ जाएंगे। तब भी हमारी टीम की आक्रामकता इसी तरह बनी रहेगी। उन्होंने कहा,इस सत्र में हमारी टीम ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और आगे भी मैचों में हमें अपनी निरंतरता को बनाए रखना होगा। उन्होंने अपनी टीम की गेंदबाजी की सराहना करते हुए कहा,हमारे पास बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण हैं। दक्षिण अफ्रीका के मोर्न मोर्कल लाजवाब गेंदबाजी कर रहे हैं। इरफ्ना में काफी सुधार आया है जबकि उमेश प्रभावशाली दिखाई दे रहे है। स्पिनर नदीम ने गजब का आत्मविश्वास है। वरुण आरोन इस महीने के अंत में टीम के साथ जुड़ जाएंगे जिससे हमारे पास गेंदबाजी में काफी विकल्प हो जाएंगे। माहेला ने बताया कि भारत के अंडर 19 टीम के कप्तान उन्मुक्त चंद टीम के साथ जुड गए हैं और उन्होंने टीम के साथ अभ्यास भी किया है। उनमें काफी प्रतिभा है और हम चाहेंगे कि उन्हें कुछ मैच खेलने को मिले। उन्मुक्त ने पिछले आईपीएल में कुछ मैच खेले थे। हाल ही में उनकी कप्तानी में भारत ने आस्ट्रेलिया में चार देशों का टूर्नामेंट जीता था। माहेला ने कहा, इन खिलाडिय़ों के आ जाने से टीम में प्रतिस्पर्धा काफी बड़ जाएगी और हर खिलाड़ी को टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने हंसते हुए कहा कि कप्तान वीरू के लिए अब अंतिम एकादश के चयन की सिरदर्दी बढ़ जाएगी। आईपीएल के व्यस्त कार्यक्रम को स्वीकार करते हुए माहेला ने कहा सभी टीमों के साथ यही स्थिति है कि उन्हें छह सप्ताह में 16 मैच खेलने हैं लेकिन सभी को इसमें भी मजा आ रहा है। श्रीलंकाई कप्तान ने अंत में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को 24 अप्रैल को उनके जन्मदिन के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह अपनी उंगली की चोट से उबरकर जल्द ही मैदान में लौंटेंगे।













