18 June 2013
मुख्य पृष्ठ
- Wednesday, 23 May 2012
- Written by India Vision 24
नयी दिल्ली, (इंडिया विजन) : हरियाणा में खानपुर महिला विश्वविद्यालय में एक दलित छात्रा के साथ गैंग रेप किए जाने और कई अन्य छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के अंदर व बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या किए जाने के मामले की गूंज आज संसद में भी सुनाई दी। इंडियन नेशनल लोकदल के राज्यसभा सदस्य रणबीर सिंह प्रजापत ने राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाया। इसके अलावा इनेलो का एक प्रतिनिधिमण्डल डॉ. अजय सिंह चौटाला व सांसद रणबीर सिंह प्रजापत के नेतृत्व में आज राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से भी मिला और उन्हें एक ज्ञापन दे कर दलित छात्रा के साथ हुए गैंग रेप व रोहतक स्थित ‘अपना घर’ कांड सहित सभी जघन्य कांडों के मामलों में उच्चस्तरीय जांच करवाने और दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
सांसद रणबीर सिंह प्रजापत ने संसद में यह मामला उठाते हुए कहा कि किस तरह से दिनदिहाड़े एक दलित छात्रा को जबर्दस्ती उठा कर गाड़ी में ले जाया गया और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किए जाने के बाद उसे विश्वविद्यालय के सामने फेंक दिया गया। जब उस छात्रा के साथ हुई इस ज्यादती का पता अन्य छात्राओं को लगा तो उन्होंने मामला विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष उठाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। पहले पीडि़त छात्रा को डराया- धमकाया गया और फिर विश्वविद्यालय प्रशासन ने इज्जत का वास्ता दे कर मामले को दबाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जब विश्वविद्यालय की अन्य छात्राएं इस घटना के विरोध में सड़क पर आ कर बैठ गयीं तो मामला दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनेलो सांसद ने कहा कि इससे ज्यादा शर्मनाक बात और क्या हो सकती है कि सत्तापक्ष का कोई भी मंत्री, विधायक, सांसद या मुख्यमंत्री पीडि़त छात्रा का हाल जानने व सुध लेने नहीं पहुंचे, जबकि इनेलो विधायक डॉ. अजय सिंह चौटाला ने न सिर्फ छात्रा को ढांढस बंधाया, बल्कि प्रेस के माध्यम से मामला उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।इनेलो सांसद ने कहा कि पिछले कुछ समय के दौरान विश्वविद्यालय के भीतर व बाहर कई छात्राओं को संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देश में पहला महिला विश्वविद्यालय खोले जाने के नाम पर वाहवाही लूटने का तो प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अनेक छात्राओं द्वारा आत्महत्याएं किए जाने और एक दलित छात्रा के साथ गैंग रेप जैसे जघन्य अपराध के बाद भी चुप्पी साधे हुए हैं। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजू पराशर ने प्रतिनिधिमण्डल से ज्ञापन लिया और उन्हें इस मामले में जल्द कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया।
डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि ‘अपना घर’ के नाम से रोहतक में चलने वाली जिस संस्था में बच्चियों का यौन शोषण किया गया, उसी संस्था को चलाने वाली महिला जसवंती देवी को कुछ दिन पहले ही सरकार ने न सिर्फ तथाकथित सराहनीय सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया, बल्कि उन्हें एक लाख रुपए नगद व इन्दिरा गांधी नारी शक्ति पुरस्कार दे कर सम्मानित भी किया गया। मामला उजागर होने के बारह दिन बाद तक भी बच्चियों की मेडिकल जांच नहीं करवायी गयी। उन्होंने इस कांड में प्रभावशाली राजनेताओं व अधिकारियों के भी संलिप्त होने की आशंका जतायी।
इनेलो का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को डॉ. अजय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इन्हीं घटनाओं को ले कर राष्ट्रीय महिला आयोग से भी मिलेगा और उसे एक ज्ञापन देगा। इनेलो विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व में प्रदेश के राज्यपाल व राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति जगन्नाथ पहाडिय़ा से मुलाकात कर उन्हें भी इन मामलों से अवगत कराते हुए एक ज्ञापन दे कर मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने और दोषियों व उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करेगा।













